'ऑटोरिक्शा सरकार' के हर पहिये में छेद, ज्यादातर मंत्री कहीं न कहीं फंसे हुए हैं ,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत दादा ने कहा – महाराष्ट्र के मंत्रियों के कारनामों से हैं जनता परेशान /

'ऑटोरिक्शा सरकार' के हर पहिये में छेद, ज्यादातर मंत्री कहीं न कहीं फंसे हुए हैं ,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत दादा ने कहा – महाराष्ट्र के मंत्रियों के कारनामों से हैं जनता परेशान / रिपोर्ट स्पर्श देसाई

                       【Photos by Agency】

【मुंबई / रिपोर्ट स्पर्श देसाई】 महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने कहा है कि प्रदेश के विकास की जिम्मेदारी जिस सरकार पर है, उसके कई मंत्री किसी न किसी कांड में फंसे हुए हैं। महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी को शिवसेना, एनसीपी व कांग्रेस की तीन पहियों वाली ऑटोरिक्शा सरकार बताते हुए पाटिल ने कहा है कि इस ऑटोरिक्शा के ज्यादातर पहिये पंक्चर है, और हर मंत्री के कारनामों से जनता परेशान है। उन्होंने सवाल किया है कि जब तीन पहियों वाली इस ऑटोरिक्शा सरकार के अधिकांश मंत्री फंसे हुए है, तो उनसे प्रदेश के विकास की उम्मीद ही बेकार है।  


हाल ही में एक युवती की आत्महत्या में शिवसेना के एक मंत्री का नाम सामने आया है। इस मामले सहित प्रदेश के कुछ अन्य मंत्रियों के कारनामों को लेकर ट्वीटर पर जारी अपने बयान में पाटिल ने कहा है कि इस ऑटोरिक्शा सरकार के हर पहिए में कई छेद हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने अपनी तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि तीन पहियोंवाली यह ऑटोरिक्शा सरकार जनता की हर उम्मीद पर निष्फल साबित हुई है। उन्होंने कहा है कि जनता ने भाजपा-शिवसेना गठबंधन को वोट दिया था, लेकिन शिवसेना ने एनसीपी व कांग्रेस के साथ मिलकर बैकडोर सरकार बनाकर महाराष्ट्र की जनता के साथ विश्वासघात किया है।  


उल्लेखनीय है कि पुणे में युवती द्वारा आत्महत्या के मामले में उद्धव सरकार के एक मंत्री के इस युवती से प्रेम संबंध होने व मंत्री द्वारा उसे धोखा देने पर युवती के आत्महत्या करने की घटना सामने आई है।  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने अपने इस बयान में इसके साथ ही कुछ और घटनाओं का भी जिक्र किया है। कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री के खिलाफ उनकी एक कथित गर्लफ्रेंड ने बलात्कार और यौनशोषण के आरोप लगाए थे और स्वयं मंत्री ने भी मीडिया के सामने आकर अपने नाजायज संबंधों व उससे बच्चों के होने की बात स्वीकार की थी। पूरे देश में इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन हुए, लेकिन फिर भी मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया गया। उससे पहले महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी के बड़े नेता के दामाद को प्रवर्तन निदेशालय ने ड्रग केस में गिरफ्तार किया था। एक महिला मंत्री को पुलिसकर्मियों से मारपीट के आरोप में अदालत द्वारा सजा सुनाई जा चुकी है। सरकार के मंत्री और बड़े एनसीपी नेता के खिलाफ एक फेसबुक पोस्ट करने पर मंत्री की उपस्थिति में एक इंजीनियर को बुरी तरह पीटा जाना भी सभी जानते हैं। मुंबई के एक मंत्री के चुनाव क्षेत्र से हिन्दू परिवारों को  लगातार पलायन कराया जा रहा है, फिर भी हिंदुओं की पार्टी होने का दावा करने वाली शिवसेना इसीलिए शांत है, क्योंकि मुख्यमंत्री को अपनी सरकार बचानी है। 


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दादा पाटिल का कहना है कि इस सरकार के आने के बाद पूरे देश में महाराष्ट्र की बदनामी हो रही है, क्योंकि जिस सरकार के ज्यादातर मंत्री किसी न किसी कांड में फंसे हुए हैं, उन लोगों के नेतृत्व में प्रदेश के विकास का भरोसा जनता कैसे करे। पाटिल ने इसीलिए इस ऑटोरिक्शा सरकार के हर पहिये में कई छेद बताए हैं।

★ब्यूरो रिपोर्ट स्पर्श देसाई √•Metro City Post•News Channel•

Comments

Popular posts from this blog

*मुंबई में अगले तीन दिन भारी बारिश, कल जल प्रलय हो सकता है मुंबई में भारी बारिश का अनुमान, बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं*/रिपोर्ट स्पर्श देसाई

*तेलंगाना में 300 करोड़ रुपये का 200 किलो सोना और 105.58 करोड़ की नकदी जब्त*/रिपोर्ट स्पर्श देसाई

*संचार के द्वारपाल: समाचारों को प्राथमिकता देने में पत्रकार की महत्वपूर्ण भूमिका*/रिपोर्ट स्पर्श देसाई